September 8, 2026

विश्व समभाव दिवस पर भव्य आयोजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया मानवता का संदेश

विश्व समभाव दिवस पर सतयुग दर्शन वसुंधरा में सांस्कृतिक कार्यक्रम

Faridabad/Alive News: सतयुग दर्शन ट्रस्ट के तत्वावधान में विश्व समभाव दिवस का भव्य आयोजन सतयुग दर्शन वसुंधरा स्थित सभागार में किया गया। कार्यक्रम में भौतिक ज्ञान के साथ आत्मिक ज्ञान को प्राथमिकता देने और मानव जीवन में समभाव, सदाचार एवं मानवता के मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सतयुग दर्शन ट्रस्ट के मार्गदर्शक परम श्रद्धेय श्री सजन जी, मैनेजिंग ट्रस्टी श्रीमती रश्मा गांधी, श्रीमती अनुपमा तलवार, पद्मश्री डॉ. संत राम देसवाल, पद्मश्री सुमित्रा गुहा सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर श्री सजन जी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने वास्तविक स्वरूप को पहचानते हुए जीवन की परिस्थितियों में समभाव बनाए रखना चाहिए। उन्होंने निष्काम भाव से कर्तव्यों का निर्वहन करने और विचार, वचन व कर्म में श्रेष्ठता लाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में अंबाला, फरीदाबाद, गुरुग्राम, दिल्ली, जालंधर, बरेली और वसुंधरा सहित विभिन्न शहरों के सतयुग दर्शन संगीत कला केंद्रों से आए बाल एवं युवा कलाकारों ने भरतनाट्यम, सूफी नृत्य, भांगड़ा, माइम और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से समभाव-समदृष्टि, आत्मज्ञान और मानवता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की नृत्य नाटिका की शुरुआत सवाल “इंसान इस दुनिया में क्या करने आया है?” से हुई। नाटिका के माध्यम से बताया गया कि मानव जीवन केवल भौतिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मज्ञान, अपने वास्तविक स्वरूप की पहचान और परमार्थ की भावना को अपनाना भी इसका उद्देश्य है।

‘वैल्यू योर वर्च्युज़’ के विजेता सम्मानित

समारोह में ‘वैल्यू योर वर्च्युज़’ प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इनमें 12वें इंटरनेशनल ह्यूमैनिटी ओलंपियाड (IHO), ‘स्पिरिचुअल एलॉक्वेंस’ और ‘स्पिरिचुअल इकोस’ कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी शामिल रहे।

पुष्प श्रेणी में पश्चिम बंगाल की संचिता साहू, हरियाणा के कुणाल कुमार और अक्षिता शर्मा, दिल्ली की जानवी व सुगम परिहार तथा जम्मू-कश्मीर की अरनवी मिश्रा को सम्मानित किया गया।

अंकुर श्रेणी में उत्तराखंड की इशरा अंसारी, चंडीगढ़ की सरयू कोचर, दिल्ली के अनूप कुमार और हरियाणा की जानवी विजेता रहीं। तरुवर श्रेणी में हरियाणा की रीना सैनी तथा दरख्त श्रेणी में हरियाणा की गुजरी भारद्वाज और रूद्र शेखर को उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्यों और शिक्षकों की भूमिका की भी सराहना की गई। आयोजकों ने लोगों से समभाव-समदृष्टि के निःशुल्क स्कूलों और सतयुग दर्शन ट्रस्ट की ऑनलाइन एवं ऑफलाइन गतिविधियों से जुड़कर मानवता, सदाचार और परमार्थ के मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का धन्यवाद किया गया और प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में समभाव, सदाचार एवं मानवता की भावना विकसित होने की कामना की गई।