September 7, 2026

शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर ₹9.66 लाख की साइबर ठगी, बरेली से खाताधारक गिरफ्तार

फरीदाबाद साइबर ठगी मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ₹9.66 लाख की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने एक खाताधारक को बरेली, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के बैंक खाते में ठगी की रकम में से ₹10 हजार ट्रांसफर किए गए थे।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ग्रीन फील्ड कॉलोनी, सेक्टर-43 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दी थी। शिकायत के मुताबिक, 8 अक्टूबर 2025 को उसे एक विदेशी नंबर से WhatsApp कॉल आई। कॉल करने वाली महिला ने खुद को Mew Wealth Private Limited की सहायक बताया और शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच दिया।

इसके बाद आरोपी ठगों ने निवेश के नाम पर अलग-अलग UPI ID और बैंक खातों में पैसे जमा करवाए। अक्टूबर 2025 के दौरान शिकायतकर्ता से कुल ₹9,66,000 ट्रांसफर करा लिए गए। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना NIT ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि बरेली निवासी 26 वर्षीय अर्जुन लाल पहली लेयर का खाताधारक है। उसके खाते में ठगी के ₹10 हजार आए थे। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस मामले में ठगी से जुड़े अन्य आरोपियों और बैंक खातों की भी जांच कर रही है।