November 28, 2026

महिला मित्र को चूहे मारने की दवा पिलाकर होटल में छोड़ा, अमेठी से आरोपी गिरफ्तार

Faridabad Crime Branch DLF arrested accused in Sector 37 hotel woman murder case.

तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया, शादी को लेकर परिवार की नाराजगी बताई वजह

Faridabad/Alive News: थाना सेक्टर-37 क्षेत्र के एक होटल में युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी महिला मित्र को चूहे मारने की दवा पानी में मिलाकर पिला दी थी और इसके बाद मौके से फरार हो गया था। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के अमेठी निवासी विपिन के रूप में हुई है, जो फिलहाल फरीदाबाद की गांधी कॉलोनी, कुरैशीपुर में रह रहा था। पुलिस ने उसे अमेठी से गिरफ्तार कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, मृतका के भाई ने थाना धौज में शिकायत दी थी कि उसकी बहन 23 नवंबर को पढ़ाई के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इस शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 24 नवंबर को कंट्रोल रूम में सूचना मिली थी कि थाना सेक्टर-37 क्षेत्र के एक होटल में एक युवती मृत अवस्था में मिली है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मृतका की पहचान गुमशुदा युवती के रूप में हुई। इसके बाद मृतका के भाई के बयान के आधार पर मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी गईं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम को आरोपी की तलाश की जिम्मेदारी सौंपी गई। पुलिस ने तकनीकी सहायता और गुप्त सूचना के आधार पर 28 नवंबर को आरोपी विपिन को उत्तर प्रदेश के अमेठी से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन उसके परिवार के लोग इस रिश्ते से खुश नहीं थे। पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर को वह युवती को बहला-फुसलाकर सेक्टर-37 क्षेत्र के एक होटल में ले गया था। वह अपने साथ चूहे मारने की दवा भी लेकर गया था। आरोप है कि उसने दवा को पानी में मिलाकर युवती को पिला दिया और फिर होटल से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने जांच को गुमराह करने के लिए होटल में एक सुसाइड नोट भी छोड़ दिया था, जिसमें उसने खुद के मरने की बात लिखी थी।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। उससे मामले में गहन पूछताछ की जा रही है।