Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना बल्लभगढ़ ने टेलीग्राम पर फर्जी निवेश का लालच देकर एक महिला से ₹1.39 लाख की साइबर ठगी करने के मामले में बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-9 निवासी एक महिला ने शिकायत में बताया कि 16 जुलाई 2026 को उसके टेलीग्राम पर “ZERO TO HERO PREMIUM” नामक चैनल का विज्ञापन आया। इसमें न्यूनतम 30 हजार रुपये निवेश करने पर तीन गुना मुनाफा देने का दावा किया गया था। विज्ञापन के झांसे में आकर महिला ने UPI के माध्यम से 30 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद ठगों ने “TRADERS CLUB” के नाम से एक फर्जी स्क्रीनशॉट भेजकर निवेश की राशि करीब 1.88 लाख दिखाई। रकम निकालने के लिए पहले रिटर्न चार्ज के नाम पर 56,691.50 रुपये और फिर GST के नाम पर 52,911 रुपये जमा करा लिए। इसके बावजूद जब महिला ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने अकाउंट चार्ज के नाम पर 57 हजार रुपये और जमा कराने की मांग की। तब महिला को अपने साथ साइबर ठगी होने का एहसास हुआ और उसने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस ने 25 जुलाई को राजस्थान के बूंदी जिले से दिलखुश को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने खाताधारक चिरंजीलाल का बैंक खाता अखिलेश के माध्यम से लेकर आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। आरोपी बीए पास है और उसकी मुलाकात अखिलेश से एक चाय की दुकान पर हुई थी। जांच में पता चला कि चिरंजीलाल के खाते में ठगी के 52,911 रुपये ट्रांसफर हुए थे।
पुलिस ने बताया कि अखिलेश को 22 जुलाई को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। उसकी पूछताछ के आधार पर दिलखुश को बूंदी से गिरफ्तार किया गया। फिलहाल आरोपी से पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

