Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में 300 रुपये गलती से ट्रांसफर होने का झांसा देकर युवक के बैंक खाते से 63,500 रुपये निकालने का मामला सामने आया है। साइबर थाना NIT की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए लखनऊ, उत्तर प्रदेश निवासी शिवांश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के बैंक खाते में ठगी की रकम में से 13,500 रुपये आए थे। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, संजय कॉलोनी निवासी एक युवक ने शिकायत दी कि 7 अगस्त को उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम राजेश कुमार और खुद को दिल्ली का निवासी बताया। उसने कहा कि गलती से युवक के खाते में 300 रुपये ट्रांसफर हो गए हैं। इसके बाद उसने ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट भेजा, जिसे कुछ ही देर बाद डिलीट कर दिया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके कुछ समय बाद उसका फोन हैक हो गया। जब उसने अपने मोबाइल में पेमेंट हिस्ट्री चेक की तो पता चला कि उसके बैंक खाते से दो ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 63,500 रुपये निकाल लिए गए हैं। इसके बाद साइबर थाना NIT में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी शिवांश BCA की पढ़ाई कर रहा है और उसके खाते में ठगी के 13,500 रुपये आए थे। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

