October 15, 2026

बल्लभगढ़ अनाज मंडी में युवक पर चाकू-डंडे से हमला, नाबालिग समेत दो काबू

बल्लभगढ़ अनाज मंडी में युवक पर हमले के मामले में बरामद चाकू और डंडा

Faridabad/Alive news: बल्लभगढ़ की अनाज मंडी में एक युवक पर चाकू और डंडे से हमला करने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने एक नाबालिग सहित दो को काबू किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू और डंडा बरामद कर लिया है। आरोपी विशाल को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, आदर्श नगर निवासी भूपेंद्र ने शिकायत में बताया कि 7 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे वह दिल्ली-मथुरा रोड से अनाज मंडी होते हुए घर जा रहा था। इसी दौरान उसे आशीष नाम का युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। उसके कूल्हे, छाती और माथे पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे। भूपेंद्र ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद थाना आदर्श नगर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना की रात दोनों आरोपियों ने अनाज मंडी में एक युवक को सोते हुए देखा था। नाबालिग ने उसकी जेब से पैसे निकालने की कोशिश की, जिस पर विवाद हो गया। इसके बाद नाबालिग अपने साथी विशाल को बुलाकर लाया। आरोप है कि नाबालिग ने युवक पर डंडे से हमला किया, जबकि विशाल ने चाकू से वार किए, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने दोनों को काबू कर वारदात में इस्तेमाल चाकू और डंडा बरामद कर लिया है। आरोपी विशाल को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि नाबालिग को नियमानुसार बाल सुधार गृह भेजा गया है।