Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की संजय कॉलोनी चौकी टीम ने वर्ष 2025 के लंबित मारपीट के एक मामले में कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित निवासी राजीव कॉलोनी सेक्टर-58, यश निवासी गांव सिही, बल्लभगढ़ और हर्ष सोलंकी के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी अक्टूबर 2025 में सरूरपुर स्थित एक सब्जी की दुकान पर हुए झगड़े में शामिल थे। जांच के अनुसार अंकित अपनी स्विफ्ट कार से मौके पर पहुंचा था। अंकित और यश ने लोहे की रॉड और डंडों से हमला किया, जबकि हर्ष दूसरी स्विफ्ट कार में अन्य साथियों को घटनास्थल पर लेकर आया था। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी अपने दोस्त यश डागर के कहने पर वारदात में शामिल हुए थे।
इस मामले में अब तक मुख्य आरोपी यश डागर सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गौरतलब है कि सरूरपुर निवासी ललित सैनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 अक्टूबर 2025 की रात वह अपने भाई और साथियों के साथ अपनी सब्जी की दुकान पर बैठा था। तभी कार और बाइक पर सवार 10 से 12 लोग लोहे की रॉड और लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना मुजेसर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

