July 4, 2026

सोतई में प्रस्तावित कूड़ा डंपिंग यार्ड का ग्रामीणों ने किया विरोध, मंत्री राजेश नागर से लगाई गुहार

सोतई गांव के ग्रामीण कूड़ा डंपिंग यार्ड के विरोध में मंत्री राजेश नागर से मुलाकात करते हुए।

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सोतई गांव में प्रस्तावित कूड़ा डंपिंग यार्ड को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। शनिवार को ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर से मुलाकात कर डंपिंग यार्ड को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की।

ग्रामीणों ने मंत्री को बताया कि प्रस्तावित डंपिंग यार्ड आबादी के नजदीक बनाया जा रहा है, जिससे भविष्य में प्रदूषण, दुर्गंध और स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं पैदा हो सकती हैं। उनका कहना है कि इस परियोजना को तुरंत किसी दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाना चाहिए।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि करीब दो वर्ष पहले भी इसी स्थान पर डंपिंग यार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। उस समय जनविरोध और मंत्री राजेश नागर के सहयोग के बाद सरकार ने लोगों की भावनाओं को देखते हुए उस स्थान पर डंपिंग यार्ड बनाने की योजना रोक दी थी। अब दोबारा उसी स्थान पर निर्माण की तैयारी होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि सोतई गांव में डंपिंग यार्ड बनाया गया तो इसका असर केवल एक गांव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आसपास के कई गांव भी इसकी चपेट में आ जाएंगे। उन्होंने आशंका जताई कि कूड़े से निकलने वाली दुर्गंध, प्रदूषित पानी और अन्य पर्यावरणीय प्रभाव लोगों के स्वास्थ्य और पूरे क्षेत्र के वातावरण को प्रभावित करेंगे।

ग्रामीणों की बात सुनने के बाद मंत्री राजेश नागर ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी मांग और चिंताओं को सरकार के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की भावनाओं और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की अनदेखी नहीं की जा सकती।

इस दौरान फरीदाबाद आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रधान हेमंत शर्मा, पूर्व सरपंच भोली रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक प्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।