November 4, 2026

बल्लभगढ़ की हवा हुई जहरीली, देश के सबसे प्रदूषित शहरों में छठे स्थान पर पहुंचा

Faridabad/Alive News: ग्रेप लागू होने के बावजूद बल्लभगढ़ में वायु प्रदूषण कम नहीं हो रहा है। निर्माण कार्यों, कूड़ा जलाने, उड़ती धूल और ट्रैफिक जाम के कारण हवा की गुणवत्ता लगातार खराब हो रही है। मंगलवार को बल्लभगढ़ में पीएम-10 का स्तर 327 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। इसके साथ ही बल्लभगढ़ देश का छठा सबसे प्रदूषित शहर रहा।

बल्लभगढ़ में धूल और जाम पर नियंत्रण नहीं होने से प्रदूषण बढ़ रहा है। पंचायत भवन में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से हवा की गुणवत्ता मापने के लिए मशीन लगाई गई है।

फरीदाबाद में प्रदूषण का स्तर सामान्य

दूसरी ओर, फरीदाबाद में मंगलवार को पीएम-10 का स्तर 110 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। पिछले पांच दिनों से यह स्तर 120 से नीचे बना हुआ है। जिले में पांच स्थानों पर प्रदूषण मापने की मशीनें लगी हैं, जिनमें सेक्टर-16 स्थित प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कार्यालय की मशीन खराब है।

संयुक्त आयुक्त करण भगोरिया ने बताया कि बल्लभगढ़ में लगातार पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस को जाम रोकने के निर्देश दिए गए हैं। टूटी सड़कों की मरम्मत भी कराई जा रही है।