November 4, 2026

सरकारी स्कूलों में पढ़ाई और सुविधाओं की होगी निगरानी, एडीसी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में बोर्ड परीक्षाओं के बेहतर परिणाम और सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक सुविधाएं सुधारने को लेकर अतिरिक्त जिला उपायुक्त अंजली श्रोत्रिया ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में विद्यार्थियों की पढ़ाई का स्तर सुधारने और स्कूलों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई।

एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए अभी से योजना बनाकर काम शुरू करें। विद्यार्थियों की विषयवार कमजोरियों की पहचान कर उनके लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जाएं और नियमित अभ्यास कराया जाए। साथ ही स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता और पढ़ाई की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

उन्होंने सरकारी स्कूलों में पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा करने तथा कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश भी दिए। एडीसी ने कहा कि विद्यार्थियों के बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आपसी तालमेल से काम करना होगा।