Prabhjot Kaur/ Alive News
Noida: उत्तर प्रदेश सरकार की इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) प्रोत्साहन नीति के तहत अक्टूबर 2023 से शुरू की गई सब्सिडी योजना का लक्ष्य पूरा होने के बाद फिलहाल नए आवेदकों के लिए सब्सिडी बंद कर दी गई है। योजना के तहत 25 हजार इलेक्ट्रिक वाहन खरीदारों को सब्सिडी का लाभ दिया गया। हालांकि, यूपी से खरीदे गए और यूपी में ही पंजीकृत होने वाले इलेक्ट्रिक वाहनों पर सौ प्रतिशत रोड टैक्स की छूट अभी भी जारी है।आरआई संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि सरकार ने अक्टूबर 2023 में इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 25 हजार आवेदकों को सब्सिडी देने का लक्ष्य निर्धारित किया था। यह लक्ष्य मार्च 2026 में पूरा हो गया, जिसके बाद सब्सिडी के लिए आवेदन प्रक्रिया बंद कर दी गई।
उन्होंने कहा कि योजना के तहत इलेक्ट्रिक कार खरीदने वालों को एक लाख रुपये तक की सब्सिडी और इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल खरीदने वालों को पांच हजार रुपये की सब्सिडी प्रदान की गई। वर्तमान में नए खरीदारों को किसी प्रकार की सब्सिडी नहीं दी जा रही है। अब नई ईवी नीति लागू होने के बाद ही सब्सिडी मिलने की संभावना है।
पर फिलहाल केवल उत्तर प्रदेश से खरीदे गए और उत्तर प्रदेश में ही पंजीकृत इलेक्ट्रिक वाहनों को सौ प्रतिशत रोड टैक्स में छूट का लाभ मिल रहा है।

