November 4, 2026

पुलिस की पाठशाला: सिकरी स्कूल के 1200 विद्यार्थियों को नशे और साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने बुधवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिकरी में ‘पुलिस की पाठशाला’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें करीब 1200 विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और आपातकालीन पुलिस सेवाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में पुलिस चौकी सिकरी और सामुदायिक पुलिसिंग सेल की टीम ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और गलत संगति से बचने की सलाह दी। उन्हें पढ़ाई के साथ खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।

पुलिस टीम ने साइबर ठगी से बचने के तरीके बताते हुए कहा कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपना ओटीपी, पासवर्ड या बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की जानकारी भी दी गई।

छात्राओं को महिला सुरक्षा के लिए डायल 112 और दुर्गा शक्ति ऐप के बारे में बताया गया। पुलिस ने कहा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में बिना झिझक पुलिस की मदद लें।

कार्यक्रम में स्कूल इंचार्ज प्रीति शर्मा सहित शिक्षक और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। स्कूल प्रशासन ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।