June 19, 2026

फरीदाबाद: घर से पानी की मोटर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी की मोटर और ऑटो बरामद

फरीदाबाद पुलिस द्वारा गिरफ्तार पानी की मोटर चोरी के आरोपी और बरामद ऑटो।

Faridabad/Alive News : क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने ग्रीनफील्ड कॉलोनी स्थित एक घर से पानी की मोटर चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई मोटर तथा वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो भी बरामद कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुप और नीरज निवासी संगम विहार, दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों को पुलिस टीम ने लोटस गार्डन, सूरजकुंड क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार ग्रीनफील्ड कॉलोनी निवासी मुकेश कामत ने थाना सूरजकुंड में शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 जून को अज्ञात चोर उनके घर में लगी पानी की मोटर चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने तकनीकी एवं गोपनीय सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपियों को काफी समय से कोई काम नहीं मिल रहा था और आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने चोरी की योजना बनाई। 9 जून को दोनों ने ग्रीनफील्ड कॉलोनी में वारदात को अंजाम दिया और चोरी की मोटर को ऑटो में रखकर फरार हो गए।

पुलिस जांच में यह भी पता चला कि वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो आरोपी अनुप ने 400 रुपये प्रतिदिन के किराए पर लिया हुआ था। पुलिस ने चोरी की मोटर और ऑटो को बरामद कर लिया है।

पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।