Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में मंगलवार को दशहरे पर बुराई के प्रतीक रावण के पुतलों का दहन हुआ, वहीं कुछ जगहों पर लोगों ने अपनी समस्याओं को लेकर भी विरोध दर्ज कराया। शहर में 100 से अधिक स्थानों पर दशहरा कार्यक्रम आयोजित किए गए। एनआईटी से लेकर ग्रेटर फरीदाबाद तक मैदानों और सोसायटियों में लोगों की भीड़ जुटी। कहीं आतिशबाजी के बीच रावण दहन हुआ, तो कहीं बिल्डर के खिलाफ पुतला जलाकर अपनी नाराजगी जाहिर की गई। इस दौरान मेले में खरीदारी और खानपान का आनंद लेने के लिए भी लोग परिवार के साथ पहुंचे।
ग्रेटर फरीदाबाद में बिल्डर के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध
ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-85 स्थित डी-ब्लॉक में बीपीटीपी बिल्डर के पुतले का दहन कर विरोध जताने का आह्वान किया गया। वहीं, पार्क फ्लोर्स-2 के निवासियों ने भी दशहरे पर बिल्डर का पुतला जलाकर अपनी नाराजगी जाहिर की। निवासियों ने आरोप लगाया कि पार्किंग, हरित क्षेत्र, बिजली व्यवस्था, लिफ्टों के रखरखाव और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। उनका कहना है कि दशहरा बुराई और अन्याय के अंत का संदेश देता है, इसलिए उन्होंने इस मौके पर बिल्डर के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया। निवासियों ने समस्याओं का ठोस समाधान होने तक शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रखने की बात कही।
एनआईटी में 76 साल पुरानी परंपरा से हुआ रावण दहन
एनआईटी-3 स्थित दशहरा मैदान में सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर की ओर से 76वां दशहरा महोत्सव आयोजित किया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, बड़खल विधायक धनेश अदलखा और पूर्व विधायक चंदर भाटिया ने तीर चलाकर रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया। आतिशबाजी देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कृष्णपाल गुर्जर ने धार्मिक आयोजनों को सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का माध्यम बताया।
87 फीट के रावण का दहन, मेलों में भी रही रौनक
सेक्टर-30 स्थित दशहरा ग्राउंड में 87 फीट ऊंचे रावण का दहन किया गया। सेक्टर-16ए में श्री महावीर दल दशहरा कमेटी और अखिल भारतीय लैय्या बिरादरी की ओर से 77वां दशहरा महोत्सव मनाया गया। यहां कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने रावण दहन किया। बल्लभगढ़ में विधायक मूलचंद शर्मा और ग्रेटर फरीदाबाद की प्राणायाम सोसायटी के आयोजन में राज्यमंत्री राजेश नागर ने पुतलों का दहन किया।
शहर के विभिन्न इलाकों में लगे मेलों में बच्चों ने धनुष-बाण और खिलौने खरीदे। लोगों ने चाट, जलेबी और समोसे का आनंद लिया। एनआईटी, सेक्टर-3, सेक्टर-8, सेक्टर-12, ओल्ड फरीदाबाद, सूरजकुंड और ग्रीन फील्ड कॉलोनी सहित कई स्थानों पर उत्सव मनाया गया। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के इंतजाम किए।

