Faridabad/Alive News : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध किए हैं। 21 जून को जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली परीक्षा के दौरान 500 से अधिक पुलिसकर्मी विभिन्न जिम्मेदारियां संभालेंगे। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले ड्यूल लेयर फ्रिस्किंग से गुजरना होगा और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही उन्हें प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
फरीदाबाद पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने परीक्षा को लेकर सभी अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए पुलिस उपायुक्त (एनआईटी) उत्तम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। पुलिस का खुफिया तंत्र पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नकल एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार जिले के सभी 19 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के लिए प्रत्येक केंद्र पर 10 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिनमें तीन महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर तीन ट्रैफिक कर्मियों की अलग से तैनाती की जाएगी। इस प्रकार हर परीक्षा केंद्र पर कुल 13 पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सेंट्रल, बल्लभगढ़ और एनआईटी जोन में मुख्यालय स्तर पर एक-एक प्लाटून रिजर्व रखी गई है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर तत्काल तैनात किया जा सकेगा।
पुलिस आयुक्त ने सभी पुलिस उपायुक्तों को निर्देश दिए हैं कि उनके क्षेत्र में आने वाले होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस और सरायों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। वहां ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति के पहचान दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
देशभर में सक्रिय नकल गिरोहों और परीक्षा माफियाओं पर नजर रखने के लिए फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच और खुफिया इकाइयों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। कोचिंग सेंटर, होटल, लॉज, साइबर कैफे और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। परीक्षा से जुड़ी अफवाहें फैलाने या भ्रामक जानकारी प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
परीक्षा के दिन यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी सहायक पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) को सौंपी गई है। दिल्ली-बदरपुर बॉर्डर, पलवल-फरीदाबाद मार्ग, मांगर-पाली बॉर्डर और शूटिंग रेंज बॉर्डर से आने वाले मार्गों पर अतिरिक्त ट्रैफिक कर्मी तैनात किए जाएंगे। जिले के सभी प्रमुख टोल प्लाजा पर भी यातायात नियंत्रण के लिए चार-चार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
पुलिस ने परीक्षा केंद्रों के आसपास जाम की स्थिति से बचने के लिए विशेष योजना बनाई है। परीक्षा केंद्रों की 500 मीटर परिधि के भीतर किसी भी वाहन की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।
फरीदाबाद पुलिस ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें और यातायात नियमों का पालन करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या आपात स्थिति की जानकारी तुरंत डायल-112, फरीदाबाद पुलिस कंट्रोल रूम या निकटतम पुलिस थाने को देने का आग्रह किया गया है।
NEET-2026 को लेकर फरीदाबाद पुलिस की यह तैयारी न केवल परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करेगी, बल्कि अभ्यर्थियों को सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल भी उपलब्ध कराएगी।

