October 20, 2026

गांजा बेचने के आरोप में दो गिरफ्तार, 691 ग्राम गांजा बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने गांजा बेचने के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव और सेक्टर-48 की टीमों ने कार्रवाई करते हुए दोनों के कब्जे से कुल 691 ग्राम गांजा बरामद किया है। आरोपियों की पहचान प्रेम कॉलोनी निवासी राहुल और सेक्टर-56 स्थित आशियाना फ्लैट निवासी विवेक के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 19 अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए राहुल को खेड़ी पुल क्षेत्र से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 270 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

वहीं, दूसरे मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने सेक्टर-56 क्षेत्र से विवेक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 421 ग्राम गांजा बरामद किया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामले दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार, नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।