Faridabad/Alive News: टेलीग्राम टास्क के नाम पर 1,27,800 रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गौरव गर्ग निवासी यमुनापुरम, बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को 9 जून को बुलंदशहर से गिरफ्तार किया और आगे की पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
जांच में पता चला कि गौरव ने खाताधारक अर्जुन का बैंक खाता चंद्रशेखर के माध्यम से लेकर टेलीग्राम के जरिए साइबर ठगों तक पहुंचाया था। इसी खाते में ठगी की रकम में से 18 हजार रुपये प्राप्त हुए थे। पुलिस इस मामले में पहले ही अर्जुन और चंद्रशेखर को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-85 निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया, जहां टास्क पूरा करने के बदले पैसे कमाने का लालच दिया गया। 27 जुलाई से 30 जुलाई के बीच अलग-अलग टास्क के नाम पर महिला से विभिन्न बैंक खातों में कुल 1,27,800 रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।
महिला को न तो कोई लाभ मिला और न ही उसकी रकम वापस की गई। बाद में उससे और पैसे जमा कराने की मांग की गई। शिकायत मिलने पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

