October 16, 2026

एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए बीके अस्पताल के गेट पर होगा बदलाव, अलग बनेंगे एंट्री-एग्जिट गेट

Faridabad/Alive News: बीके अस्पताल में आपातकालीन मरीजों को समय पर इलाज मिल सके, इसके लिए मुख्य द्वार पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की योजना बनाई जा रही है। अस्पताल के गेट से बीके चौक तक सड़क चौड़ी करने के साथ प्रवेश और बाहर निकलने के लिए अलग-अलग गेट बनाए जाएंगे। इससे अस्पताल में आने वाले मरीजों और एंबुलेंस को जाम में फंसने से राहत मिलने की उम्मीद है।

बीके अस्पताल में रोजाना करीब ढाई से तीन हजार मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मुख्य द्वार पर वाहनों का दबाव अधिक रहता है। संकरी सड़क और आसपास खड़े ऑटो के कारण कई बार रास्ता बाधित हो जाता है। इसका असर मरीजों की आवाजाही पर पड़ता है। खासकर गंभीर मरीजों को लेकर आने वाली एंबुलेंस के लिए रास्ता मिलना चुनौती बन जाता है।

गेट के आसपास की जगह का होगा इस्तेमाल

सड़क चौड़ी करने की योजना के तहत मुख्य द्वार के पास बनी वीटा डेयरी और पुलिस चौकी को हटाने पर विचार किया जा रहा है। इससे सड़क को चौड़ा करने और वाहनों की आवाजाही के लिए अधिक जगह उपलब्ध हो सकेगी। अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार बनने से अस्पताल में आने-जाने वाले वाहनों को व्यवस्थित करने में भी मदद मिलेगी।

जाम से मरीजों को मिलेगी राहत

अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को मुख्य द्वार पर जाम के कारण परेशानी उठानी पड़ती है। सड़क चौड़ी होने से एंबुलेंस को अस्पताल तक पहुंचने में आसानी होगी। साथ ही, मरीजों और अन्य वाहनों की आवाजाही भी पहले से बेहतर होने की उम्मीद है।

वर्जन

बीके अस्पताल के मुख्य द्वार से बीके चौक तक सड़क चौड़ी करने की योजना है। इसके साथ ही प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग द्वार बनाने की तैयारी की जा रही है, ताकि मरीजों और एंबुलेंस को आने-जाने में परेशानी न हो।

— डॉ. जयंत आहूजा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी