Faridabad/Alive News: तिगांव थाना क्षेत्र में भिवाड़ी निवासी युवक मोनू की हत्या के मामले में फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-65 ने एक किशोर सहित दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कुलभूषण ने मोनू को खेतों के पास देखा था, जिसके बाद उसने अपने बेटे को फोन कर मौके पर बुलाया। कुलभूषण का बेटा अपने चचेरे भाई रोनक के साथ मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा और मोनू को अपने साथ खेतों में बने घर पर ले गया।
आरोप है कि वहां मोनू के साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रोनक को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि किशोर आरोपी को बाल सुधार गृह भेजा गया है। मामले में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद कर ली है।
गौरतलब है कि 20 मई को राजस्थान के भिवाड़ी स्थित सैदपुर गांव निवासी मोनू के साथ तिगांव क्षेत्र में बेरहमी से मारपीट की गई थी। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता भीम सिंह की शिकायत पर थाना तिगांव में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अपराध शाखा सेक्टर-65 को सौंपी गई थी।

