August 16, 2026

पाली के बुद्ध सिंह स्टेडियम में गूंजा देशभक्ति का जज्बा, विधान प्रताप ने कबड्डी खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

Faridabad/Alive News: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गांव पाली स्थित बुद्ध सिंह स्टेडियम में हर वर्ष की भांति इस बार भी विशाल कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के दौरान स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता विजय प्रताप सिंह के सुपुत्र विधान प्रताप सिंह पहुंचे। गांव की सरदारी ने पगड़ी बांधकर एवं फूल मालाओं से उनका स्वागत किया। विधान प्रताप सिंह ने कबड्डी खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और उनके साथ ग्रुप फोटो भी करवाया।

इस अवसर पर विधान प्रताप सिंह ने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों, स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों को नमन किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश को आजादी दिलाने में वीर जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी। उनके त्याग और बलिदान को देश हमेशा याद रखेगा।

उन्होंने सभी माताओं, बहनों और बेटियों को हरियाली तीज की भी हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रकृति, संस्कृति और नारी शक्ति से जुड़ा हरियाली तीज का पर्व हमारी समृद्ध सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है।

विधान प्रताप ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूल्यों के आधार पर लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी। देश के करोड़ों नागरिकों ने विविधता में एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के प्रति अपनी अटूट आस्था के बल पर भारत को एक सशक्त लोकतंत्र के रूप में स्थापित किया है।

इस मौके पर सरपंच रघुवीर भड़ाना, पार्षद हरेंद्र भड़ाना, ओम प्रकाश ओमे, हीरालाल हवलदार, श्रद्धाराम मेंबर, कैप्टन तेज सिंह, आजाद भड़ाना, मलखान मेंबर, अजीत मेंबर, ओम भगवान, राजे हवलदार, दुलीचंद सूबेदार सहित गांव पाली के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।