August 16, 2026

स्वतंत्रता दिवस शहीदों के बलिदान को याद करने का दिन है: रघु प्रताप सिंह

पाली के सरकारी स्कूल में कांग्रेस नेता रघु प्रताप सिंह ने किया ध्वजारोहण, बच्चों को 21 हजार रुपये की सहयोग राशि दी

Faridabad/Alive News: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गांव पाली स्थित सरकारी स्कूल में ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री महेंद्र प्रताप सिंह के पुत्र एवं कांग्रेस नेता रघु प्रताप सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और तिरंगा फहराकर विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

ध्वजारोहण के बाद रघु प्रताप सिंह ने महान शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस उन वीरों के त्याग और बलिदान को याद करने का दिन है, जिन्होंने देश को आजाद कराने के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु और चंद्रशेखर आजाद जैसे महान क्रांतिकारियों ने हंसते-हंसते देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।

उन्होंने कहा कि शहीदों के त्याग और बलिदान को हमेशा याद रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। आजादी का सही मायने में सम्मान तभी होगा, जब हम देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने का संकल्प लें। प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

रघु प्रताप सिंह ने स्कूल के बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों के लिए 21 हजार रुपये की सहयोग राशि भी भेंट की।

कार्यक्रम में सरपंच रघुवीर भड़ाना, पार्षद हरेंद्र भड़ाना, ओम प्रकाश ओमे, हीरालाल हवलदार, श्रद्धाराम मेंबर, कैप्टन तेज सिंह, आजाद भड़ाना, मलखान मेंबर, अजीत मेंबर, ओम भगवान, राजे हवलदार, दुलीचंद सूबेदार, स्कूल स्टाफ सहित गांव पाली के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।