September 29, 2026

चार साल से सीवर ओवरफ्लो की समस्या, निगम मुख्यालय पहुंचे सेक्टर-23 के निवासी

Faridabad/Alive News:सेक्टर-23 में सीवर ओवरफ्लो की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों ने मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर अधिकारियों के सामने अपनी शिकायत रखी। निवासियों का कहना है कि पिछले करीब चार वर्षों से सेक्टर में सीवर की समस्या बनी हुई है। बार-बार शिकायत के बावजूद इसका स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में रोष है।

निवासी ओम प्रकाश ने बताया कि सीवर ओवरफ्लो होने से गंदा पानी आए दिन सड़कों और घरों के आसपास जमा हो जाता है। इससे दुर्गंध के साथ मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। वहीं, सड़क पर बने गड्ढों और बिखरे पत्थरों के कारण आवाजाही में भी परेशानी होती है।

त्रिभूनाथ, वेदप्रकाश और अजय ने बताया कि गंदे पानी के कारण छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। सड़क पर पानी जमा होने से कई बार लोग फिसलकर गिर भी चुके हैं। उनका आरोप है कि पार्षद से भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

निवासियों ने नगर निगम आयुक्त की सहायिका को ज्ञापन सौंपा। साथ ही जेई अजीत व आशीष और एक्सईएन सतपाल व डालचंद को फोन पर समस्या की जानकारी दी। अधिकारियों ने जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया है। लोगों ने चेतावनी दी कि समस्या दूर नहीं हुई तो वे दोबारा निगम अधिकारियों से शिकायत करेंगे।