Faridabad/Alive News: बालाजी पब्लिक स्कूल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के पूर्वावलोकन कार्यक्रम में सतर्कता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देखने को मिला। हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) की ओर से आयोजित कार्यक्रम का विषय सत्य निष्ठा से समृद्धि रहा। इस दौरान स्टूडेंट्स ने चित्रकला और भाषण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, ग्लोबल वार्मिंग और ऊर्जा के महत्व पर अपने विचार रखे।
पर्यावरण बचाओ विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में स्टूडेंट्स ने अपनी कल्पना के जरिए स्वच्छ और हरित धरती की तस्वीर पेश की। कक्षा छठी ए की जस्सी और पलक, छठी बी के जस, पांचवीं सी की दृष्टि और पांचवीं ए की तनिष्का के चित्रों को सर्वश्रेष्ठ चुना गया। विजेता स्टूडेंट्स को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कक्षा नौ की स्टूडेंट सिमरन ने एलपीजी और ऊर्जा के स्रोत के रूप में इसकी उपयोगिता के बारे में बताया। इसी कक्षा की ऋषिका ने ग्लोबल वार्मिंग पर भाषण दिया, जबकि कक्षा छठी के स्टूडेंट आर्यन ने पर्यावरण बचाने की जरूरत पर विचार रखे।
एचपीसीएल के रीजनल मैनेजर प्लास बरुआ ने कहा कि चित्रकला जैसी गतिविधियां स्टूडेंट्स को रचनात्मकता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने का अवसर देती हैं। कार्यक्रम में सीनियर एरिया सेल्स मैनेजर अंकुर हजारीका, मैनेजमेंट टीम के सदस्य तरुण व रविन्द्र, समाजसेवी योगेश गौर, सुमित गौर और ओम साई गैस के संजय कुमार मौजूद रहे। प्रिंसिपल रंजना सोबती और वाइस प्रिंसिपल आशीष शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया।

