Faridabad/Alive News: एनआईटी-4 स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में आयोजित रोजगार मेले में युवाओं को रोजगार पाने का अच्छा अवसर मिला। मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया और विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने उनका साक्षात्कार लिया।
रोजगार मेले में कुल 156 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। इनमें से 134 युवाओं को शॉर्टलिस्ट किया गया, जबकि 12 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन हुआ। मेले में 10 प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाइयों ने भाग लेकर युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीएलएफ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन फरीदाबाद के अध्यक्ष श्री राम अग्रवाल ने कहा कि आज के समय में कौशल आधारित शिक्षा और प्रशिक्षण की मांग लगातार बढ़ रही है। रोजगार मेले युवाओं और उद्योगों के बीच मजबूत कड़ी का काम करते हैं। इससे युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है और उद्योगों को योग्य कर्मचारी मिलते हैं।
आईटीआई के प्रधानाचार्य भगत सिंह ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि ऐसे रोजगार मेलों से युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें सीधे उद्योगों से जुड़ने का अवसर मिलता है।
रोजगार मेले में व्हर्लपूल ऑफ इंडिया लिमिटेड, प्रोपाउंड इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड, हेलिक्स बायोसाइंसेज प्राइवेट लिमिटेड, बीसीएच इलेक्ट्रिक प्राइवेट लिमिटेड, हिताची एस्टेमो प्राइवेट लिमिटेड, क्वेस कॉर्प प्राइवेट लिमिटेड, फ्रिक इंडिया लिमिटेड, यांत्रिक ऑटोमेशन प्राइवेट लिमिटेड, क्रिएटिव इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड तथा सीआईआई मॉडल करियर सेंटर सहित कई प्रमुख कंपनियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी गई और भविष्य में भी युवाओं के लिए ऐसे रोजगार मेलों के आयोजन जारी रखने की बात कही गई।

