June 16, 2026

जुलाई से बीपीएल परिवारों को मिलेगा रियायती फोर्टिफाइड सरसों तेल

फरीदाबाद में पीडीएस योजना के तहत बीपीएल परिवारों के लिए फोर्टिफाइड सरसों तेल की बोतलें

Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार ने जुलाई 2026 से बीपीएल और अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) के पात्र परिवारों को रियायती दर पर फोर्टिफाइड सरसों तेल उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। यह जानकारी उपायुक्त आयुष सिन्हा ने दी।

डीसी ने बताया कि जिन परिवारों की परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में सत्यापित वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये तक है, उन्हें हर महीने 2 लीटर फोर्टिफाइड सरसों तेल दिया जाएगा। योजना के तहत एक लीटर तेल 30 रुपये और दो लीटर तेल 100 रुपये की रियायती दर पर उपलब्ध होगा।

उन्होंने बताया कि तेल की आपूर्ति हैफेड और हर-हित एजेंसियों के माध्यम से की जाएगी। सभी बोतलों पर एफएसएसएआई की स्वीकृति, निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि और “Not for Sale – For PDS Only” अंकित होगा।

सरकार ने निर्देश दिए हैं कि जुलाई माह के वितरण के लिए तेल की आपूर्ति 20 से 30 जून के बीच पूरी कर ली जाए, ताकि 1 जुलाई से उचित मूल्य की दुकानों पर वितरण शुरू किया जा सके।

डीसी ने कहा कि गुणवत्ता नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। तेल की गुणवत्ता की जांच के बाद ही उसे स्वीकार किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर नमूनों की लैब जांच भी कराई जाएगी। मानकों पर खरा न उतरने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सभी पात्र लाभार्थियों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से योजना का लाभ पहुंचाना है।