Faridabad/Alive News: हरियाणा के पूर्व मंत्री और फरीदाबाद-पलवल एसआईआर (मतदाता पुनरीक्षण अभियान) समिति के प्रभारी करण सिंह दलाल ने भाजपा सरकार पर एसआईआर प्रक्रिया में गड़बड़ी और पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार एसआईआर के नाम पर लोगों को गुमराह कर रही है।
सैनिक कॉलोनी स्थित जिला कांग्रेस सचिव बलजीत अरोड़ा के कार्यालय में बड़खल विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस द्वारा नियुक्त बीएलए-2 की बैठक को संबोधित करते हुए करण सिंह दलाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा नियुक्त बीएलए-2 की सूची चुनाव आयोग को सौंप दी गई है, लेकिन अब तक उसे आयोग की वेबसाइट पर अपलोड नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2002 और 2024 की मतदाता सूची भी कांग्रेस के बीएलए-2 को उपलब्ध नहीं कराई गई है।
दलाल ने कहा कि एसआईआर का कार्य 15 जून से शुरू होना था, लेकिन उन्हें सूचना मिली है कि मैपिंग का कार्य पहले ही शुरू कर दिया गया। उनका कहना है कि यह प्रक्रिया राजनीतिक दलों के बीएलए-1 और बीएलए-2 की मौजूदगी में होनी चाहिए थी। इससे पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और बीएलए-2 से मतदाता सूचियों पर लगातार नजर रखने और पात्र मतदाताओं के नाम कटने से बचाने के लिए सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से हटना चिंता का विषय है।
बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा कार्यकर्ता एसआईआर प्रक्रिया पर पूरी नजर बनाए हुए हैं।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस नेता विधान प्रताप, बीएलए-1 राहुल सरदाना, पूर्व पार्षद जगन डागर, अनिल शर्मा, बलजीत अरोड़ा, ईशांत कथूरिया, डॉ. सौरभ शर्मा, दीपक भड़ाना, मनोज भड़ाना, पंकज बत्रा, अमनदीप सिंह, परमजीत सिंह, कनिष अरोड़ा और सुरजीत छाबड़ा सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

