Faridabad/Alive News: जिला समाज कल्याण अधिकारी ममता शर्मा ने कहा है कि जिन लाभार्थियों की सामाजिक सुरक्षा पेंशन किसी कारणवश बंद हो गई है या उनके बैंक खाते में पेंशन की राशि नहीं पहुंच रही है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ जिला समाज कल्याण कार्यालय में संपर्क करें।
उन्होंने बताया कि पेंशन रुकने के सामान्य कारणों में बैंक खाता बंद होना, आईएफएससी कोड में बदलाव, बैंक खाते का ब्लॉक या फ्रीज होना शामिल है। ऐसे मामलों में लाभार्थी दस्तावेजों का सत्यापन करवाकर अपनी समस्या का समाधान करा सकते हैं।
ममता शर्मा ने बताया कि जिन दिव्यांग बच्चों की पेंशन 18 वर्ष की आयु पूरी होने के कारण बंद हो गई है, वे भी जरूरी दस्तावेजों के साथ कार्यालय में संपर्क करें। उनकी पेंशन को नियमानुसार दिव्यांग पेंशन श्रेणी में स्थानांतरित कर दोबारा शुरू किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी पेंशनधारक का निधन हो गया है, तो उनके परिजन मृत्यु प्रमाण-पत्र और आधार कार्ड के साथ कार्यालय में सूचना दें, ताकि संबंधित पेंशन को नियमानुसार बंद किया जा सके और सरकारी धन के अनावश्यक भुगतान से बचा जा सके।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने सभी लाभार्थियों और उनके परिजनों से समय रहते आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए सेक्टर-15ए स्थित जिला समाज कल्याण कार्यालय या दूरभाष नंबर 0129-2986929 पर संपर्क किया जा सकता है।

