Faridabad/Alive News: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। इस संबंध में लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया गया।
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि 20 जून को कार्यक्रम की पूर्ण रिहर्सल होगी, जबकि 21 जून को सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से अपनी जिम्मेदारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
संभावित बारिश को देखते हुए सेक्टर-12 खेल परिसर के इंडोर स्टेडियम को वैकल्पिक स्थल के रूप में तैयार रखने का निर्णय लिया गया है। नगर निगम और संबंधित विभागों को इंडोर स्टेडियम की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीसी ने कहा कि रिहर्सल के दौरान टेंट, एलईडी स्क्रीन, साउंड सिस्टम, इंटरनेट कनेक्टिविटी और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा फायर सेफ्टी, मेडिकल सहायता, पार्किंग, ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
बैठक में कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण अभियान चलाने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को पौधारोपण के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन कर विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण जनआंदोलन है। उन्होंने सभी विभागों को कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित और जनभागीदारी से सफल बनाने के निर्देश दिए।

