April 27, 2024

पति को था पत्नी के चरित्र पर शक, पत्नी की हत्या करने के बाद फांसी लगाकर की आत्महत्या

New Delhi/Alive News : करवा चौथ से ठीक एक दिन पहले ही एक शख्स को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। संदेह का शिकार होकर शख्स ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद भी फांसी के फंदे पर झूल गया। सुबह के समय महिला का भाई घर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। तब महिला के भाई ने खिड़की खोलकर कमरे के अंदर झांका, अंदर का नजारा देख युवक के होश उड़ गए।

मिली जानकारी के अनुसार यह मामला पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके का है। मृतक की पहचान सोनी (35) और इसके पति धर्मेंद्र (40) के रूप में हुई। पुलिस को इनके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। सोनी का शव कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला। वहीं धर्मेंद्र कमरे में पंखे से लटका था। पुलिस ने औपचारिताएं पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिए गए। शुरूआती जांच के बाद पुलिस को पता चला है कि धर्मेंद्र अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। पुलिस आशंका जता रही है कि इसी वजह से उसने वारदात को अंजाम दिया।

जानकारी के मुताबिक मृतक धर्मेंद्र अपने परिवार के साथ बी-ब्लॉक, न्यू अशोक नगर में किराए के मकान में रहता था। इसके परिवार में पत्नी सोनी के अलावा तीन बच्चे हैं। करीब 11 साल पहले धर्मेंद्र की सोनी से शादी हुई थी। धर्मेंद्र नोएडा में बिजली का काम करता था। वहीं सोनी नोएडा के ही एक अस्पताल में आया की नौकरी करती थी। एक मकान छोड़कर ही सोनी का मायका है। मकान छोटा होने के कारण सोनी रोजाना बच्चों को सोने के लिए अपने मायके भेज देती थी। सुबह की चाय भी सोनी व उसका पति मां के साथ घर जाकर पीते थे। शुक्रवार रात को बच्चे नानी के पास चले गए। 

घर पर धर्मेंद्र व सोनी ही मौजूद थे। इस बीच सुबह जब सोनी व धर्मेंद्र चाय पीने नहीं आए तो सोनी का भाई दीपक बहन व जीजा को देखने चला गया। वहां पहुंचने पर घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी खटखटाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो दीपक ने कमरे की खिड़की से झांककर देखा। उसके होश उड़ गए। धर्मेंद्र पंखे से लटका था व सोनी बिस्तर पर अचेत लेटी थी। वह भागकर घर पहुंचा। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।