Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। यह कार्रवाई अपराध शाखा सेक्टर-30 और एवीटीएस (AVTS) सिकरौना की टीमों ने अलग-अलग मामलों में की।
पहले मामले में अशोका एन्क्लेव निवासी एक व्यक्ति ने थाना सराय ख्वाजा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 जुलाई 2026 को उसने अपनी मोटरसाइकिल सेक्टर-37 हुड्डा मार्केट के बाहर खड़ी की थी, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-30 ने आरोपी साहिल उर्फ कालिया निवासी सेहतपुर को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
दूसरे मामले में सेक्टर-16ए निवासी नेमराज ने थाना सेक्टर-17 में शिकायत दी थी कि 10 सितंबर 2025 को उनके घर के बाहर से उनकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। मामले की जांच के दौरान एवीटीएस सिकरौना की टीम ने आरोपी इरफान उर्फ हिप्पी निवासी नंगला जमालगढ़, जिला नूंह को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। इसके बाद उसे भी अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

