Faridabad/Alive News: कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। 30 जुलाई से शुरू होने वाली यात्रा के दौरान करीब 2000 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे। यात्रा के दौरान हजारों कांवड़िए हरिद्वार और नीलकंठ से गंगाजल लेकर फरीदाबाद से गुजरेंगे।
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर विशेष सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। पुलिस उपायुक्त (यातायात) जयवीर राठी को पूरी यात्रा का नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा डीसीपी मुख्यालय, एनआईटी, बल्लभगढ़ और सेंट्रल अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
यात्रा के दौरान थाना पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, अपराध शाखा, महिला पुलिस, ईआरवी, राइडर, मोबाइल गश्ती दल और SWAT टीमों को भी तैनात किया जाएगा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैयार रहेगा।
तीन प्रमुख मार्गों से गुजरेंगे कांवड़िए
कांवड़ यात्रा के लिए तीन प्रमुख मार्ग तय किए गए हैं—
- कालिंदी कुंज (दिल्ली) से एमसीडी टोल होते हुए आगरा कैनाल मार्ग।
- बदरपुर बॉर्डर से आउटर बाईपास।
- बदरपुर बॉर्डर से राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)।
इन सभी मार्गों पर लगातार पुलिस गश्त करेगी और केजीपी एक्सप्रेस-वे पर भी विशेष मोबाइल टीमें तैनात रहेंगी।
25 से अधिक स्थानों पर होगी नाकाबंदी
सुरक्षा के मद्देनजर 25 से अधिक स्थानों पर नाकाबंदी की जाएगी। इनमें दुर्गा बिल्डर, पल्ला पुल, खेड़ी पुल, सेक्टर-14 पुल, सेक्टर-17 पुल, बीपीटीपी पुल, तिगांव पुल, आईएमटी पुल, चंदावली पुल, जाट चौक, मलेरना चौक, जाजरू चौक, प्याला मोड़, सीकरी चौकी और कैली बाईपास समेत कई प्रमुख स्थान शामिल हैं। यहां पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच करेगी।
आगरा कैनाल मार्ग रहेगा बंद
कांवड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए यात्रा के दौरान आगरा कैनाल के साथ लगने वाला मार्ग सामान्य वाहनों के लिए बंद रहेगा। ट्रैफिक पुलिस विभिन्न स्थानों पर डायवर्जन लागू करेगी और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। आम लोगों से ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।
ड्रोन, CCTV और सोशल मीडिया पर रहेगी नजर
पूरे कांवड़ मार्ग की निगरानी CCTV कैमरों और ड्रोन कैमरों से की जाएगी। अपराध शाखा की टीमें सादे कपड़ों में तैनात रहकर असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगी। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
यात्रा मार्ग पर एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और क्रेन भी तैनात रहेंगी ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य किया जा सके।
फरीदाबाद पुलिस का सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल भी 24 घंटे सक्रिय रहेगा। भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक एडवाइजरी और पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम, डायल-112 या नजदीकी पुलिसकर्मी को दें।

