Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सराय थाना क्षेत्र में जीएसटी एनफोर्समेंट टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑटो पार्ट्स की आड़ में दिल्ली भेजी जा रही 15 पेटी अवैध देसी शराब बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जीएसटी विभाग के अधिकारी विजेंद्र सिंह की शिकायत के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को बदरपुर बॉर्डर पर नियमित चेकिंग के दौरान एक मालवाहक वाहन को रोका गया। वाहन चालक ने बताया कि गाड़ी पोर्टर ऐप के जरिए फरीदाबाद के सेक्टर-47 से बुक की गई थी और इसे दिल्ली के ओखला पहुंचाना था।
वाहन के दस्तावेजों की जांच में ऑटो पार्ट्स का बिल मिला, लेकिन जब जीएसटी टीम ने गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें ऑटो पार्ट्स की जगह अवैध देसी शराब मिली।
बरामद शराब में 10 पेटी संतरा ब्रांड और 5 पेटी नाइट ब्लू ब्रांड शामिल थीं। अधिकारियों के अनुसार, नाइट ब्लू की प्रत्येक पेटी में 50 पव्वे और संतरा ब्रांड की प्रत्येक पेटी में 48 पव्वे मिले।
सूचना मिलने पर सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शराब को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब किसने भेजी थी और इसे किसके पास पहुंचाया जाना था।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि ऑटो पार्ट्स की आड़ में शराब की खेप दिल्ली भेजने की कोशिश की जा रही थी। मामले की गहन जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

