Faridabad/Alive News: वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत 17 अगस्त को अपराध शाखा सिकरोना की टीम ने थाना NIT के वाहन चोरी के एक मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-52 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने थाना NIT में शिकायत दी थी कि उसने 31 जुलाई को अपनी मोटरसाइकिल NIT स्थित कार्यालय के बाहर खड़ी की थी। कुछ समय बाद मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली। शिकायत के आधार पर थाना NIT में चोरी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान अपराध शाखा सिकरोना की टीम ने आरोपी हाकम निवासी गांव धौज, फरीदाबाद को फतेहपुर-टिकरी रोड से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी करता है और 31 जुलाई को उसने मास्टर चाबी की मदद से मोटरसाइकिल का लॉक तोड़कर उसे चोरी किया था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

