Faridabad/Alive News: हरियाणा को नशामुक्त बनाने के लिए हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। ब्यूरो की ओर से तस्करों की गिरफ्तारी और नशीले पदार्थों की बरामदगी के साथ-साथ ड्रग हॉटस्पॉट पर सर्च अभियान और आमजन को जागरूक करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
HSNCB के निदेशक संजय कुमार, IPS के दिशा-निर्देश और DIG राजेंद्र कुमार मीणा, IPS के मार्गदर्शन में फरीदाबाद, गुरुग्राम और रेवाड़ी यूनिटों ने पिछले सप्ताह संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान 5 मामले दर्ज कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में 6246 अल्प्राजोलम टैबलेट, 2540 ट्रामाडोल टैबलेट, 47 ग्राम हेरोइन, 15.25 ग्राम MDMA और 8 बोतल कोडीन सिरप बरामद किया गया।
DIG राजेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि ब्यूरो अब छोटे सप्लायरों के साथ-साथ नशे के पीछे सक्रिय बड़े तस्करों और पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रहा है। नशे की सप्लाई कहां से हो रही है, इसमें कौन लोग शामिल हैं और आर्थिक रूप से इस नेटवर्क को कौन मदद कर रहा है, इसकी भी जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
फरीदाबाद, गुरुग्राम और रेवाड़ी के चिन्हित ड्रग हॉटस्पॉट पर लगातार निगरानी और सर्च अभियान चलाए जा रहे हैं। संभावित तस्करों के ठिकानों और घरों पर रेड की जा रही है। अधिकारियों को कमर्शियल क्वांटिटी वाले NDPS मामलों में बड़े नेटवर्क, सप्लायरों और फाइनेंसरों की पहचान कर प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही PIT-NDPS, प्रॉपर्टी अटैचमेंट और NDPS Act की धारा 68-F जैसे प्रावधानों के तहत कार्रवाई पर भी जोर दिया जा रहा है।
HSNCB की कार्रवाई का दूसरा महत्वपूर्ण हिस्सा नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान है। पिछले सप्ताह स्कूलों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों सहित विभिन्न जगहों पर 7 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 3853 लोगों ने भाग लिया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से बचने का संदेश दिया गया।

