August 18, 2026

अवैध हथियार रखने वालों पर फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई, 3 देसी कट्टे और 1 कारतूस बरामद

फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई में बरामद अवैध देसी कट्टे और कारतूस

Faridabad/Alive News: अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में 17 अगस्त को अपराध शाखाओं की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 देसी कट्टे और 1 कारतूस बरामद किया है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा DLF की टीम ने आरोपी शिवा (20) निवासी रोशन नगर, थाना पल्ला, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया। इस संबंध में थाना पल्ला में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इसी तरह अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने आरोपी भूपेंद्र (30) निवासी विजय नगर, बल्लभगढ़, फरीदाबाद को डीलर चौक, आदर्श नगर के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया। इसके अलावा टीम ने जगदीश उर्फ जग्गा निवासी राधा नगर, बल्लभगढ़ को सेक्टर-2 सर्विस रोड से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भी एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना आदर्श नगर और थाना शहर बल्लभगढ़ में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।