September 25, 2026

मिनी ट्रक और ऑटो चोरी के दो मामलों में 2 आरोपी गिरफ्तार, चोरी के वाहन बरामद

फरीदाबाद में रेडीमेड गारमेंट साइबर ठगी मामले में गिरफ्तार आरोपी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में वाहन चोरी के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा भूपानी और अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने कार्रवाई करते हुए चोरी किए गए मिनी ट्रक और ऑटो को बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गांव मादलपुर निवासी इकलास ने शिकायत दी थी कि 16 सितंबर 2026 को उसने अपनी महिंद्रा सुप्रो गाड़ी गांव रन्हेड़ा खेड़ा स्थित सरकारी स्कूल के पास खड़ी की थी। अगले दिन सुबह जब वह वापस आया तो गाड़ी वहां से गायब मिली। किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका मिनी ट्रक चोरी कर लिया था।

मामले की जांच करते हुए अपराध शाखा भूपानी की टीम ने जुनैद निवासी गांव रन्हेड़ा, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया महिंद्रा सुप्रो मिनी ट्रक बरामद कर लिया है।

वहीं, वाहन चोरी के दूसरे मामले में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने कार्रवाई करते हुए फेजान निवासी रबूपुरा, गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना एसजीएम नगर में ऑटो चोरी का मामला दर्ज था। पुलिस ने आरोपी से चोरी किया गया ऑटो बरामद कर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।