Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखाओं ने वाहन चोरी के अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 3 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। तीनों मामलों में संबंधित थानों में पहले से वाहन चोरी के केस दर्ज थे।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने थाना सराय ख्वाजा में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले में गिर्राज निवासी गांव डीग, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
इसी तरह अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने थाना शहर बल्लभगढ़ में दर्ज वाहन चोरी के मामले में विकास उर्फ विक्की और गुलशन उर्फ कालू निवासी तिरखा कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की।
वहीं, अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने थाना शहर बल्लभगढ़ के वाहन चोरी के मामले में अनुज निवासी गया, बिहार, हाल निवासी करनेरा, फरीदाबाद और लविक उर्फ रोनक निवासी हापुड़, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी सेक्टर-2, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की।
पुलिस के अनुसार, अपराध शाखाओं की टीमों ने वाहन चोरी के तीन मामलों का खुलासा करते हुए कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया और 3 चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

