September 25, 2026

फरीदाबाद में घर में घुसकर परिवार पर लाठी-डंडों से हमला, 4 आरोपी गिरफ्तार; जेल भेजे गए

फरीदाबाद भूपानी में परिवार पर हमले के मामले में गिरफ्तार चार आरोपी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के भूपानी थाना क्षेत्र में घर में घुसकर एक परिवार के सदस्यों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा। अदालत में पेश करने के बाद चारों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक निवासी मोहन राम मंदिर, भूपानी मोड़, राजा निवासी गड्ढा कॉलोनी तथा शिवम निवासी गड्ढा कॉलोनी और शिवम निवासी मोहन राम मंदिर, भूपानी मोड़ के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, राजा निवासी एसएसआरपी कॉलोनी ने थाना भूपानी में शिकायत दी थी कि 19 सितंबर 2026 को वह अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान अर्जुन पहलवान, अभिषेक, आशिक, विवेक, शिवम पुत्र अग्रसेन, शिवम पुत्र मुकेश, सुमन, गिन्दा सहित 7-8 अन्य लोग जबरन उसके घर में घुस आए। इनमें से कुछ ने अपने चेहरे पर कपड़ा बांधा हुआ था।

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने राजा और उसके परिवार के सदस्यों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। जाते समय आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर थाना भूपानी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद मामले की जांच अपराध शाखा सेंट्रल को सौंपी गई।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि शिकायतकर्ता का भतीजा शिव, आरोपी अभिषेक की बहन को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इसी बात को लेकर अभिषेक की शिकायतकर्ता के परिवार से रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते अभिषेक अपने जानकारों और साथियों के साथ पीड़ित के घर पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर परिवार के सदस्यों को चोटिल कर दिया।

अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, चारों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।