June 19, 2026

फरीदाबाद रोजगार मेले में 109 युवाओं का चयन, 200 से अधिक अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा

फरीदाबाद रोजगार मेले में नौकरी के लिए साक्षात्कार देते युवा अभ्यर्थी।

Faridabad/Alive News : केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले भर में आयोजित किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की श्रृंखला में मंडल रोजगार कार्यालय, फरीदाबाद द्वारा उपमंडल रोजगार कार्यालय, बल्लभगढ़ में रोजगार मेला एवं जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला परिषद चेयरमैन Vijay Singh ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

रोजगार मेले में विभिन्न निजी कंपनियों ने भाग लेते हुए युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए। इनमें Shahi Exports, Studds Accessories Limited, V5 Global, Hindustan Syringes and Medical Devices, Victoria Industries, R.B. Perfect Mart Foundation, Balaji Manpower तथा Poly Medicure जैसी संस्थाएं शामिल रहीं।

जिला परिषद चेयरमैन विजय सिंह ने बताया कि रोजगार मेले में 200 से अधिक बेरोजगार युवाओं ने भाग लिया। विभिन्न कंपनियों द्वारा उपलब्ध लगभग 125 रिक्त पदों के लिए अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए गए। चयन प्रक्रिया के दौरान 109 अभ्यर्थियों को मौके पर ही शॉर्टलिस्ट किया गया, जिससे युवाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

उन्होंने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार का उद्देश्य युवाओं को रोजगार और कौशल विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के दौरान एटीडीसी फरीदाबाद की प्रिंसिपल नीतू कपूर, एलडीएम एवं रेस्टी इंचार्ज पीयूष गोयल, कुमारी स्नेहा अदलखा तथा वाईपी एमसीसी बड़खल के प्रतिनिधियों ने युवाओं को करियर मार्गदर्शन प्रदान किया।

इस दौरान युवाओं को निशुल्क प्रशिक्षण संस्थानों में संचालित विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी दी गई और उन्हें रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने करियर को मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

सहायक रोजगार अधिकारी डॉ. नेहा सिंह ने युवाओं को केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PMVBRY), प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (PMIS) तथा रोजगार विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने विशेष रूप से सक्षम युवा योजना का उल्लेख करते हुए युवाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर रोजगार और कौशल विकास के अवसरों से जुड़ने का आह्वान किया।