Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग अभियान के तहत सेक्टर-15 स्थित राजकीय विद्यालय में विद्यार्थियों को नशा मुक्ति, साइबर अपराध, दहेज प्रथा और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस कार्यक्रम का आयोजन थाना सेंट्रल, सेक्टर-15 चौकी और सामुदायिक पुलिसिंग सेल ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज तीनों के लिए नुकसानदायक है। छात्रों से अपील की गई कि वे खुद नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करें।
सामुदायिक पुलिसिंग सेल की प्रभारी निरीक्षक सुनीता ने महिला सुरक्षा, दहेज निषेध कानून, साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने, बैंकिंग फ्रॉड, निवेश के नाम पर धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के जरिए होने वाले साइबर अपराधों से बचने के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें और राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर भी रिपोर्ट दर्ज कराएं।
यातायात सुरक्षा पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने और सभी ट्रैफिक नियमों का पालन करने की सलाह दी गई। छात्रों से कहा गया कि वे अपने परिवार के सदस्यों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
थाना सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक सतबीर सिंह और सेक्टर-15 चौकी प्रभारी ओम प्रकाश ने कहा कि सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज बनाने में पुलिस के साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नशा, दहेज और साइबर अपराध के खिलाफ जागरूक रहने और कानून का पालन करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को नशामुक्त, दहेजमुक्त और सुरक्षित समाज बनाने की शपथ दिलाई गई।

