August 18, 2026

फरीदाबाद की गेटेड सोसायटियों में लगेंगे डोनेशन बॉक्स, 3R अभियान को मिलेगा बढ़ावा

फरीदाबाद की गेटेड सोसायटी में 3R अभियान के तहत लगाया गया डोनेशन कलेक्शन बॉक्स।

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद ने पर्यावरण संरक्षण और 3R सिद्धांत (Reduce, Reuse और Recycle) को बढ़ावा देने के लिए नई पहल शुरू की है। इस अभियान के तहत Humana People to People India NGO के सहयोग से शहर की गेटेड सोसायटियों में डोनेशन कलेक्शन बॉक्स लगाए जाएंगे।

इन बॉक्सों में लोग अपने पुराने लेकिन उपयोग योग्य सामान जैसे कपड़े, जूते, खिलौने, बैग, टोपी, बेल्ट, कंबल, चादरें, रजाइयां, तकिए, किताबें, आर्टिफिशियल ज्वेलरी और अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुएं दान कर सकेंगे।

नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर IEC एक्सपर्ट एवं जिला समन्वयक कल्पना मंडल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य उपयोगी सामान को कचरे में जाने से रोकना और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना है। इससे पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और संसाधनों के पुनः उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि Humana People to People India NGO गुरुग्राम की 88 गेटेड सोसायटियों में पहले से ऐसे डोनेशन बॉक्स सफलतापूर्वक संचालित कर रही है। संस्था की टीम हर 10 दिन में बॉक्स खाली करेगी। बॉक्स लगाने, सामान एकत्र करने और रखरखाव की पूरी व्यवस्था निःशुल्क होगी और सोसायटियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।

नगर निगम ने शहर की सभी गेटेड सोसायटियों से इस पर्यावरण हितैषी और जनहित अभियान में भाग लेने की अपील की है। इच्छुक सोसायटियां अपनी सोसायटी में बॉक्स लगाने के लिए नगर निगम से संपर्क कर सकती हैं।