August 18, 2026

मंदिर का पुजारी बताकर 35 हजार रुपये की ठगी, 2 खाताधारक गिरफ्तार

फरीदाबाद साइबर ठगी मामले में गिरफ्तार दो आरोपी

Faridabad/Alive News: साइबर ठगी के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। सेक्टर-9 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति से मंदिर का पुजारी बनकर 35,000 रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान आबिद और अरसद निवासी अलवर, राजस्थान के रूप में हुई है। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-9 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी कि 1 फरवरी को उसके पास एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को मंदिर का पुजारी बताते हुए कहा कि उसे अपने एक जानकार से पैसे लेने हैं, लेकिन उसका फोन-पे काम नहीं कर रहा है। इसके बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता के मोबाइल पर 35,000 रुपये प्राप्त होने का फर्जी मैसेज भेज दिया।

फर्जी मैसेज देखकर शिकायतकर्ता ने आरोपी के बताए दो अलग-अलग बैंक खातों में 35,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उसने अपने बैंक खाते का बैलेंस चेक किया तो पता चला कि उसके खाते में 35,000 रुपये की कोई रकम जमा नहीं हुई थी। इसके बाद उसने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी, जिसके आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आबिद और अरसद दोनों खाताधारक हैं। आबिद के खाते में 15,000 रुपये और अरसद के खाते में 20,000 रुपये ट्रांसफर हुए थे। दोनों आरोपी अलवर, राजस्थान के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, अरसद ट्रक ड्राइवर है और उसके खिलाफ पहले भी साइबर अपराध का एक मामला दर्ज है।