July 30, 2026

पॉक्सो मामले में 7 साल से फरार उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार

पॉक्सो मामले में सात साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद फरीदाबाद पुलिस।

Faridabad/Alive News: पॉक्सो अधिनियम के एक मामले में पिछले सात वर्षों से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी (पीओ) को फरीदाबाद पुलिस के पीओ स्टाफ सेक्टर-17 ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2019 में महिला थाना बल्लभगढ़ में दर्ज पॉक्सो मामले में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। मामले में शिकायत मिलने के बाद आरोपी फरार हो गया था। बाद में अदालत ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।

फरीदाबाद पुलिस की पीओ स्टाफ टीम ने तकनीकी निगरानी, खुफिया सूचना और लगातार की गई जांच के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह पिछले सात वर्षों से राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा के अलग-अलग क्षेत्रों में रह रहा था और ड्राइवरी का काम करता था। पुलिस से बचने के लिए वह बार-बार अपना ठिकाना बदलता रहता था।

गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।