Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़-सोहना रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर बारिश के बाद बने बड़े-बड़े गड्ढों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गड्ढों के कारण पुल पर रोजाना लंबा ट्रैफिक जाम लग रहा है और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस महीने हुई बारिश के बाद पुल की सड़क जगह-जगह टूट गई है। कई गड्ढे इतने बड़े हो गए हैं कि उनमें वाहन फंस जाते हैं या बंद हो जाते हैं। इसके कारण पुल से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग तक कई किलोमीटर लंबा जाम लग रहा है।
जाम का असर बस अड्डा से सोहना चौक, गुरुग्राम नहर से सोहना चौक और 100 फुट रोड तक देखा जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस को कई बार गड्ढों में फंसे वाहनों को धक्का लगाकर निकालना पड़ता है। ऐसे में पुलिसकर्मी चौक पर ट्रैफिक संभालने के बजाय पुल पर यातायात सुचारु कराने में व्यस्त रहते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि गड्ढों को जल्द भर दिया जाए या सड़क की मरम्मत कर दी जाए तो ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक खत्म हो सकती है। उनका आरोप है कि लोक निर्माण विभाग (PWD) इस समस्या पर समय रहते ध्यान नहीं दे रहा है।
लोगों का कहना है कि पुल दो लेन का है, लेकिन गड्ढों के कारण एक लेन से ही वाहनों की आवाजाही हो रही है। इससे हर दिन लंबा जाम लग रहा है और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।
इस मामले में पीडब्ल्यूडी के उपमंडल अधिकारी रवि इंद्र सिंह ने कहा कि कुछ समय पहले पुल की सड़क की मरम्मत कराई गई थी। बारिश के बाद दोबारा गड्ढे बनने की जानकारी मिली है। जल्द मौके का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराई जाएगी।

