Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस आयुक्त कार्यालय, सेक्टर-21सी में गुरुवार को पुलिस विभाग के छह अधिकारी एवं कर्मचारियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। वर्षों तक ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ सेवा देने वाले इन अधिकारियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
समारोह में पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) उषा, भलाई निरीक्षक तथा विभिन्न शाखाओं के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सेवानिवृत्त होने वालों में इंस्पेक्टर सूरज भान, इंस्पेक्टर अलीमुद्दीन, उप निरीक्षक विजेंद्र सिंह, ईएसआई अशोक कुमार, ईएचसी रंजीत सिंह और ईएचसी शिव नारायण शामिल हैं।
इस अवसर पर डीसीपी उषा ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का दायित्व है। पुलिसकर्मी अपने परिवार से दूर रहकर दिन-रात लोगों की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने और कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हैं।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों का विभाग के विकास, अपराध नियंत्रण और जनसेवा में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके अनुभव, अनुशासन और कार्यशैली नई पीढ़ी के पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेंगे।
डीसीपी उषा ने यह भी कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी सभी अधिकारी और कर्मचारी फरीदाबाद पुलिस परिवार का अभिन्न हिस्सा रहेंगे। भविष्य में किसी भी प्रकार की सहायता या सहयोग की आवश्यकता होने पर विभाग हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा।
समारोह के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अपने सेवा काल के अनुभव साझा किए। उन्होंने पुलिस विभाग में बिताए वर्षों को जीवन की अमूल्य पूंजी बताते हुए वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्मृति-चिह्न, सम्मान स्वरूप उपहार और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके स्वस्थ, सुखद और सफल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

