Faridaba/Alive News: नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखाओं ने दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 587 ग्राम गांजा और 3.88 ग्राम एमडीएमए बरामद किया है। दोनों कार्रवाई 20 नवंबर को की गई।
पहले मामले में अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सेक्टर-19 बाईपास के पास से वासू स्वामी उर्फ आशु निवासी रायबरेली, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी संजय कॉलोनी को गिरफ्तार किया। उसके पास से 587 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि गांजा ओल्ड रेलवे स्टेशन के पास एक अज्ञात व्यक्ति से खरीदा था।
दूसरे मामले में अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने दिल्ली के तुगलकाबाद निवासी राहुल को 3.88 ग्राम एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने दिल्ली से पांच ग्राम एमडीएमए खरीदने और उसमें से कुछ मात्रा बेचने की बात कबूल की। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

