Faridabad/Alive News: दुष्कर्म के एक मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से अदालत में पेश की गई ऑडियो रिकॉर्डिंग ही अभियोजन पक्ष के लिए कमजोर कड़ी साबित हुई। सरूरपुर चौक स्थित कबाड़ गोदाम में काम करने वाली महिला से बार-बार दुष्कर्म और धमकी देने के मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट ने आरोपित छेदी लाल को बरी कर दिया है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश लोकश गुप्ता की अदालत ने ऑडियो बातचीत को अहम साक्ष्य मानते हुए आरोपित को संदेह का लाभ दिया।
मामले में महिला ने 14 अप्रैल 2023 को महिला एनआईटी थाने में शिकायत दी थी। उसने आरोप लगाया था कि वह 7 जनवरी 2023 से गोदाम में हेल्पर का काम करती थी, जहां छेदी लाल फोरमैन था। महिला के अनुसार, 10 जनवरी को आरोपित उसे जबरन कमरे में ले गया और दुष्कर्म किया। इसके बाद भी अलग-अलग तारीखों पर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। आरोप था कि 19 मार्च को आरोपित उसके घर पहुंचा और वहां भी उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान महिला का पति घर लौट आया और उसने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। अगले दिन महिला के पति ने आत्महत्या कर ली थी।
ऑडियो बातचीत से कमजोर हुई अभियोजन की कहानी
मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने महिला और उसके देवर के बीच हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग पेश की थी। इसमें देवर महिला और आरोपित के बीच संबंध होने तथा दोनों के एक-दूसरे के पास आने-जाने की बात कह रहा था। बातचीत में पति द्वारा दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखने और बाद में आत्महत्या करने का भी जिक्र था। देवर ने आरोपित से बच्चों की आर्थिक जिम्मेदारी उठाने की बात भी कही थी।
अदालत ने अपने फैसले में कहा कि यह ऑडियो पीड़ित पक्ष ने स्वयं साक्ष्य के रूप में पेश की थी और इससे मुकरा भी नहीं था। अदालत के अनुसार, बातचीत से जबरन दुष्कर्म के बजाय सहमति से संबंध होने की संभावना सामने आती है। इससे अभियोजन पक्ष की कहानी पर संदेह पैदा हुआ। इसी आधार पर अदालत ने आरोपित को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया।

