Faridabad/Alive News: डबुआ मंडी क्षेत्र में रेहड़ी-पटरी लगाने वालों से कथित अवैध वसूली, अपहरण, बंधक बनाकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में थाना डबुआ पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस मामले में पुलिस पहले ही एक किशोर सहित तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेत्रपाल उर्फ नेत्र निवासी गांव भाखरी और मन्नू निवासी डबुआ कॉलोनी के रूप में हुई है।
जांच में सामने आया कि आरोपी नेत्रपाल ने डबुआ मंडी क्षेत्र में रेहड़ी-पटरी लगाने वालों से कथित अवैध वसूली कराने के लिए अपने साथियों बोंचा और मन्नू को लगाया हुआ था। पुलिस के मुताबिक, वसूली की रकम नहीं देने पर आरोपियों ने शिकायतकर्ता और उसके साथी का अपहरण कर उन्हें बंधक बनाया, मारपीट की और पैसे देने के लिए धमकाया।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी नेत्रपाल के खिलाफ पहले से हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण और जबरन वसूली समेत 12 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार यह मामला डबुआ कॉलोनी निवासी राहुल की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 26 जून 2026 को आरोपी बोंचा, चिराग और मोहित उसे और उसके साथी जितेंद्र को प्याली चौक स्थित एक खाने की दुकान से स्कूटी पर बैठाकर डबुआ कॉलोनी के एक घर में ले गए। वहां दोनों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

