July 8, 2026

डेढ़ साल पुराने चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद में घर से आभूषण चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार।

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 ने डबुआ कॉलोनी स्थित एक घर में हुई सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई करीब डेढ़ साल पुराने मामले में की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि (26) और दीपक (24) निवासी संजय कॉलोनी, मुजेसर, फरीदाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि डबुआ कॉलोनी निवासी संजय ने थाना डबुआ में शिकायत दी थी कि वह अपने माता-पिता के घर गया हुआ था। जब वह 29 जनवरी 2025 को वापस लौटा तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला और अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। शिकायत के आधार पर थाना डबुआ में चोरी का मामला दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान सामने आया कि दोनों आरोपी आपस में दोस्त हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों ने 29 जनवरी 2025 की रात घर का ताला पत्थर से तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि चोरी किए गए गहनों को आरोपियों ने मुथूट फाइनेंस में गिरवी रख दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मुथूट फाइनेंस की चार रसीदें बरामद की हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी रवि के खिलाफ पहले से चोरी के 7 मामले, जबकि दीपक के खिलाफ 3 मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर मामले में आगे की पूछताछ की जा रही है।