Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच ने फॉर्च्यूनर चोरी कर उसी गाड़ी से SBI बैंक का ATM उखाड़कर ले जाने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच AVTS सिकरोना की टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई फॉर्च्यूनर भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने ATM को गाड़ी से बांधकर खींचते हुए उखाड़ा था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद मोइन खान (24), मोसिम उर्फ बिल्ला (27) और मकसूद उर्फ काला (45), निवासी गांव धौज के रूप में हुई है। टीम ने तकनीकी सहायता और गुप्त सूचना के आधार पर 17 अगस्त को थाना धौज क्षेत्र से तीनों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई क्राइम ब्रांच AVTS सिकरोना प्रभारी SI जगबीर सिंह के नेतृत्व में की गई।
सहायक पुलिस आयुक्त अपराध अमन यादव ने बताया कि 12 अगस्त को मोसिम, मकसूद और उनके तीन अन्य साथी चोरी के इरादे से सेक्टर-16 पहुंचे थे। आरोपियों ने एक फॉर्च्यूनर का शीशा तोड़कर लैपटॉप की मदद से गाड़ी को स्टार्ट किया और उसे चोरी कर लिया। इस संबंध में सेक्टर-16 निवासी अनूप गर्ग की शिकायत पर थाना सेक्टर-17 में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त की रात आरोपी चोरी की फॉर्च्यूनर में सवार होकर ATM चोरी करने निकले थे। कई जगह घूमने के बाद वे छांयसा रोड स्थित SBI बैंक के ATM के पास पहुंचे। आरोपियों ने फॉर्च्यूनर को ATM के सामने खड़ा किया और बेल्ट की मदद से ATM को गाड़ी से बांधकर खींच लिया। इसके बाद ATM को गाड़ी की डिग्गी में रख लिया गया। आरोपियों ने ATM में लगे इन्वर्टर, बैटरी और कैमरे को भी निकाल लिया था। इस संबंध में अनुराग यादव की शिकायत पर थाना छांयसा में मामला दर्ज किया गया था।
दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए क्राइम ब्रांच AVTS सिकरोना और भूपानी की टीमों ने आरोपियों की तलाश शुरू की। AVTS सिकरोना की टीम ने तकनीकी जानकारी और गुप्त सूत्रों की मदद से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की फॉर्च्यूनर बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद मोइन खान के खिलाफ आर्म्स एक्ट, चोरी और जुआ अधिनियम के तहत तीन मामले दर्ज हैं। मोसिम उर्फ बिल्ला के खिलाफ मारपीट का एक मामला दर्ज है, जबकि मकसूद उर्फ काला के खिलाफ लूट, CS एक्ट और जुआ अधिनियम सहित चार मामले दर्ज हैं।

